0 1 min 12 mths

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने कहा कि दिल्ली को आप-दा के कुशासन व भ्रष्टाचार के अंधकार से निकालने का एकमात्र विकल्प ‘भाजपा’ है। कालकाजी विधानसभा में भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है। शाह ने कहा कि 5 तारीख को दिल्लीवालों के लिए केजरीवाल की आप-दा से मुक्त होने का बहुत बड़ा मौका है। 5 फरवरी को कमल का बटन दबाइए और केजरीवाल की आप-दा से हमेशा के लिए मुक्ति पाइए। केजरीवाल की सरकार झूठ, फरेब, वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार की सरकार है।अमित शाह ने कहा कि कल केजरीवाल ने जलबोर्ड की रिपोर्ट का हवाला देकर एक बयान दिया कि दिल्ली में जो यमुना का पानी आता है, उसमें हरियाणा सरकार ने जहर मिलाया है। जबकि जलबोर्ड वालों ने कहा कि केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं। केजरीवाल जी, आपके पास जलबोर्ड की जो रिपोर्ट है, उसे कल सार्वजनिक ​कीजिए, हम जिम्मेदारी लेंगे। शाह ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान इन्होंने (केजरीवाल) कहा था कि हम राजनीतिक लोग नहीं हैं, हम राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन्होंने पार्टी बनाई। इन्होंने कहा था कि हम कांग्रेस पार्टी का समर्थन नहीं लेंगे, कांग्रेस का समर्थन लिया। इन्होंने कहा था कि हम सिक्योरिटी, गाड़ी और बंगला नहीं लेंगे, इन्होंने सिक्योरिटी ली, गाड़ी ली और करोड़ों का शीश महल बनवाया।उन्होंने कहा कि केजरीवाल जी ने कहा था कि हम भ्रष्टाचार नहीं करेंगे, इन्होंने हजारों करोड़ रुपये का शराब घोटाला किया। मंदिर, गुरुद्वारा, स्कूल… सबके सामने शराब की दुकानें खोलीं, जेल गए।जलबोर्ड घोटाला, राशन घोटाला, डीटीसी बस घोटाला, क्लासरूम घोटाला किया और खुद के लिए करोड़ों का शीश महल बनवाया। शाह ने खड़गे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जारी रखते हुए कहा कि अभी कल मैंने महाकुंभ में गंगा की डुबकी लगाई, लेकिन डुबकी मैंने लगाई और ठंड खड़गे जी को लग गई। वो कह रहे हैं कि गंगा में डुबकी लगाने से गरीबों का भला नहीं होगा। खड़गे साहब, आपने पूरा जीवन डुबकी नहीं लगाई, लेकिन आपने गरीबों का क्या भला किया।अमित शाह ने कहा कि भाजपा पार्टी इस देश की परंपरा और आस्था में विश्वास करती है, इसलिए भव्य करतारपुर साहिब कॉरिडोर भी बनता है और महाकुंभ का मेला भी लगता है। 2019 में मोदी जी ने गंगा में डुबकी लगाई और देश के करोड़ों गरीबों को गैस कनेक्शन, शौचालय, बिजली, मुफ्त अनाज, मुफ्त इलाज समेत सारी सुविधाएं दीं। लेकिन कांग्रेस पार्टी हमेशा सनातन धर्म का अपमान करती है। खड़गे साहब, आपको सनातन धर्म में श्रद्धा नहीं है तो कोई बात नहीं, लेकिन करोड़ों सनातनियों का मजाक मत उड़ाइए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Somewhere in news