

कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की सूची जारी कर दी है। जिसमें मेरठ में गौरव भाटी को जिलाध्यक्ष और रंजन शर्मा को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ से जिलाध्यक्ष बनाए जाने वाले गौरव भाटी बिजनौर से रालोद सांसद चंदन चौहान की सगी बुआ के बेटे हैं। गौरव भाटी की मां इंदिरा भाटी भाजपा की मधु गुर्जर के सामने कांग्रेस के टिकट पर मेयर का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। हालांकि इंदिरा भाटी चुनाव हार गई थी। इंदिरा भाटी प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री स्व. बाबू नारायण सिंह की बेटी है और गौरव भाटी उनके नवासे लगते हैं। महानगर अध्यक्ष की बात करें तो कांग्रेस ने शहर विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी रंजन शर्मा पर दांव खेलते हुए उन्हें महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। रंजन शर्मा पूर्व पार्षद भी रहे हैं और मेरठ नगर निगम कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रहे हैं। गौरव भाटी को जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस पार्टी के अधिकांश कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है और निवास पर शुभकामनाएं देने वालों की लाइन लगी हुई है।