मेरठ। मुख्यमंत्री भगवंत मान के जन्मदिवस पर सोमेंद्र ढाका और अंकुश चैधरी चंडीगढ़ पहुंचे, जहां बागपत के किसानों ने सीएम को पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जमा की गई 11,90,511 की आर्थिक सहायता राशि भेंट की।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के जन्मदिवस के अवसर पर आप कार्यकर्ता चंडीगढ़ पहुंचे। इस दौरान आम आदमी पार्टी पश्चिम उप्र अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका व मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चैधरी दर्जनों किसानों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुँचे और पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए बागपत जिले के टिकरी गांव के निवासियों द्वारा एकत्र की गई 11,90,511 की आर्थिक सहायता राशि का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया। सोमेंद्र ढाका ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पटका पहनाकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष मेरठ अंकुश चैधरी, पश्चिमी प्रांत महासचिव मनीष सिंह तथा जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर अरविंद बालियान ने मुख्यमंत्री को बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान की प्रति भेंट की। भगवंत मान ने बागपत के किसानों की संवेदनशीलता और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसान एक ही मिट्टी के बेटे हैं। जब भी कोई प्रदेश कठिनाई में होता है, किसान समाज सबसे पहले आगे आता है। मैं बागपत के टिकरी ग्रामवासियों और आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के अपने पदाधिकारीयो का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ। बैठक के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य, नहर सिंचाई व्यवस्था व बाढ़ नियंत्रण जैसे विषयों चर्चा की। मुख्यमंत्री ने भी सभी बिंदुओं पर पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य के बारे में विस्तार से बताया। आम आदमी पार्टी पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का शासन किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की आवाज को सशक्त करने का प्रतीक है। वहीं, पंजाब मॉडल देश के लिए मिसाल है जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। यही राजनीति सेवा और जनसमर्पण का सच्चा रूप है। मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चैधरी ने बताया कि टिकरी गांव के किसानों ने जब पंजाब में आई बाढ़ से तबाही की खबरें देखीं, तो बिना किसी निर्देश के अपने स्तर से सहयोग राशि एकत्र की। उन्होंने कहा यह राशि केवल आर्थिक नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और इंसानियत का प्रतीक है। किसानों ने यह दिखाया कि सरहदें राज्य की होती हैं, पर संवेदना पूरे देश की होती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की पहल देशभर में सकारात्मक संदेश देती है और आम आदमी पार्टी के सिद्धांत, ईमानदार राजनीति और जनसेवा को और मजबूत बनाती है। प्रतिनिधिमंडल में नगर पंचायत टटीरी के अध्यक्ष उपेंद्र राठी, विक्रम राणा, एडवोकेट सौदान राठी, एडवोकेट रामकुमार राठी, जितेंद्र राठी, मास्टर रविन्दर, उदयवीर राठी, ब्रह्मपाल, शीशपाल, अमरपाल, इंदर सिंह चैधरी, राहुल सभासद, सत्येंद्र, राजकुमार, विकास, सुधीर सहित अन्य किसान नेता और समाजसेवी उपस्थित रहे। अंत में सभी किसानों एवं पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए रंगला पंजाब के उनके संकल्प की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Somewhere in news