मेरठ। स्तन कैंसर (ब्रेस्ट कैंसर) पूरे देश में महिलाओं के बीच सबसे सामान्य और गंभीर समस्या है। भारत में हर साल इसके लगभग 2.3 लाख नए मामले सामने आते हैं और करीब 1.4 लाख महिलाओं की मृत्यु इससे हो जाती है। उत्तर प्रदेश में भी स्तन कैंसर की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसमें महिलाओं के स्तनों में गांठ या सूजन, निप्पल से असामान्य स्राव, त्वचा में परिवर्तन, दर्द, कमजोरी और कभी-कभी बांहों में सूजन जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसी को लेकर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार कार्यक्रम के अंतर्गत मेडिकल में 20 और 22 सितंबर को दो दिवसीय स्तन कैंसर (ब्रेस्ट कैंसर) जागरूकता एवं उपचार संबंधी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं की स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर की नोडल अधिकारी विभागाध्यक्ष फिजियोलाॅजी डॉ ललिता चैधरी ने जानकारी दी कि 246 महिलाओं को शिविर से लाभ मिला तथा 81 महिलाओं की स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। शिविर में विभागाध्यक्ष प्रसूति एवं स्त्री रोग डॉ. शगुन तथा डॉ विभागाध्यक्ष सर्जरी गौरव गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के कैंप आयोजित करने की बात कही।


