मेरठ। बिजली विभाग के जेई ने लाखों रुपये का तांबे का तार कबाड़ी को बेच दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब रिटायर्ड फौजी ने प्रकरण की शिकायत की जिसके बाद आरोपी जेई शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और उसके पैर पकड़कर माफी मांगी। माफी मांगने का वीडियो 26 सितंबर का बताया जा रहा है जो अब वायरल हो गया है।
शारदा रोड उपकेंद्र पर तैनात रहे सेवानिवृत फौजी कैप्टन सुरेश कुमार ने कुछ समय पहले शारदा रोड बिजली घर के अवर अभियंता विश्वनाथ प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। जिनमें विश्वनाथ प्रताप सिंह पर विभाग का लाखों रूपये का तांबे का तार कबाड़ी को बेचने का जिक्र किया गया था। मामले की शिकायत होने के बाद आरोपी अवर अभियंता विश्वनाथ प्रताप सिंह रिटायर्ड फौजी के घर पहुंचा और उसने फौजी से शिकायत वापस लेने के लिए पैर पकड़कर माफी मांगी। पूरी घटना फौजी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। बताया जा रहा है प्रकरण बीते 26 सितंबर का है जिसका वीडियो अब वायरल हुआ है। प्रकरण पूर्व एमडी पॉवर ईशा दूहन के संज्ञान में भी लाया गया था लेकिन उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं की। पूर्व फौजी के पैर पकड़ने के वीडियो को लेकर एमडी पावर रवीश गुप्ता से 16 दिसंबर को भी शिकायत की गई लेकिन उन्होंने भी कुछ नहीं किया।

