0 1 min 1 mth

मेरठ। पुलिस अधीक्षक अपराध व नोडल अधिकारी मिशन शक्ति अवनीश कुमार के निर्देशन में जनपद के सभी थानों में महिलाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान एण्टी रोमियो टीमों, शक्ति दीदियों एवं महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज 5 के तहत कई जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।
सोमवार को चलाए गए कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों, कॉलेजों, मंदिरों, बाजारों, अस्पतालों व चैपालों पर जाकर बालिकाओं, छात्राओं एवं महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1098, 181, 1076, 1930, 102, 108 आदि की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बैंकिंग करस्पोंडेंट सखी जैसी महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। महिलाओं व बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, कार्य स्थल पर महिलाओं के साथ लैंगिक उत्पीड़न, बाल श्रम व साइबर अपराध से सम्बन्धित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। थाना मवाना, मुंडाली, सरधना, सिविल लाइन, कोतवाली, दौराला व रोहटा की मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने क्षेत्र स्थित विद्यालयों, बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया गया। थाना सरधना पुलिस द्वारा रन फॉर मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा इस्माइल गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राओं को सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। थाना दौराला टीम द्वारा मिल बाजार में महिलाओं व बच्चों को साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा वीमेन पावर लाइन 1090 के बारे में बताया गया। जनपद पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं को सशक्त बनाना, आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता फैलाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Somewhere in news