

मेरठ में आज से 5 दिन खुशियों के नाम होंगे, मनोरंजन होगा, धमाल मचेगा, सूफियाना अंदाज होगा, पॉप संगीत के साथ शेरो-शायरी भी होगी। इसके अलावा शानदार स्टॉल्स होंगे जहां विभिन्न उत्पादों से आप रूबरू होंगे। खाने के शौकीनों के लिए भी अलग फूड कोर्ट होगा। यानि कि शनिवार से मेरठ अपने उत्सव की रंगीनियत में डूब जाएगा।
यह उत्सव मेरठ के लोगों के लिए ईद या दीपावली की खुशियों से कम नहीं है। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड की कड़वी यादव को भुलाने के लिए यह मेरठ महोत्सव मददगार साबित होगा। बताते चलें कि 10 अप्रैल 2006 को यहां लगे कंज्यूमर फेयर के बाद पहली बार इतना बड़ा आयोजन यहां हो रहा है। मेरठ महोत्सव की शुरुआत से एक दिन पूर्व शुक्रवार को विक्टोरिया पार्क में पूजन भी किया गया। इसमें कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे. से लेकर एडीजी डीके ठाकुर, डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. विपिन टाडा मौजूद रहे। इनके अलावा विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया और ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने भी इसमें शिरकत की। मेरठ वो ऐतिहासिक शहर है जहां जंग ए आजादी की चिंगारी शोला बनी। जिस स्थान (विक्टोरिया पार्क) पर यह आयोजन हो रहा है, यह वही स्थान है जहां गुलाम भारत के रूप में कांग्रेस का आखिरी राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ था। यह वही ऐतिहासिक मैदान है जहां अंग्रेजों ने अस्थाई जेल बनाई थी। उसे समय देशवासी घुट घुट कर जीने पर मजबूत है। शनिवार से शुरू हो रहे मेरठ महोत्सव का माहौल उस समय की घुटन भरी जिंदगी की कड़वी यादों को भी दूर करेगा। महोत्सव में जिस तरह से हर उम्र के लोगों के मनोरंजन का ख्याल रखा गया है, वहीं न सिर्फ मेरठ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के कारोबारी माहौल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान देने के लिए यह एक दस्तक होगी। शंकर महादेवन से लेकर हेमा मालिनी जैसे कलाकार लोगों का मनोरंजन करेंगे। कुमार विश्वास जैसे कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं का ध्यान अपनी और आकर्षित कराएंगे। महोत्सव में पॉप संगीत से लेकर सूफियाना अंदाज भी होगा। खाने के दीवानों के लिए फूड कोर्ट भी मौजूद रहेगा। पूरी मस्ती और धमाल के लिए विक्टोरिया पार्क तैयार है। शहरवासियों को खुश आमदीद कहने के लिए मंच भी तैयार है। तो आइए आज से 5 दिनों तक हम सब उस रंगीनियत में खो जाएं जहां हम अपनी संस्कृति और मेरठ की आन बान और शान से रु-ब-रु हो सकें।
दस करोड़ रूपये से ज्यादा के टिकट बिकने का अनुमान
मेरठ। एक दिन में दो लाख लोगों के आने का अनुमान है यानी पांच दिन में दस लाख मेरठ महोत्सव में पहुंच सकते है। महोत्सव में प्रशासन की ओर से प्रवेश के लिए पांच कैटेगरी रखी गई है। इनमें 100 रूपये प्रवेश शुल्क से लेकर 500 रूपये गोल्ड, 800 रूपये प्लेटिनम, 1800 रूपये वीवीआईपी सोफे पर पहली रो में, 2000 रूपये फाइबर चेयर के लिए पूरे पांच दिनों तक व 3500 रूपये कुशन वाली सीटो के लिए जो पांच दिनों के लिए वैद्य है। जबकि 5000 रूपये में वीवीआईपी सीजन पास दिया जा रहा है तो इवेंट आरंभ होने से पहले ही बिक चुके है। इस तरह इस पूरे इवेंट में प्रशासन दस करोड़ रूपये से ज्यादा पैसा इकट्ठा करने का अनुमान है।
- मेरठ महोत्सव में बच्चों को सौ रूपये मिलेंगे खाने के लिए
आज से आरंभ हो रहे मेरठ महोत्सव में सबसे कम प्रवेश शुल्क सौ रूपये निर्धारित है। लेकिन इन सौ रूपये के बदले स्कूल व कॉलेजों के छात्रों एक हैण्डबैंड दिया जाएगा जिसे दिखाकर वह पूरे समारोह में कुल सौ रूपये की खाने-पीने की चीजें ले सकते है। यानी बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क साबित होगा। - सितारों से सजेगी शामें
प्रशासन द्वारा यह विशेष आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर, कला, संगीत और परंपराओं का उत्सव है। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के शानदार प्रदर्शन के साथ 50 से ज्यादा वक्ता, 200 से ज्यादा प्रदर्शक, 30 से अधिक कलाकार, 40 से अधिक कार्यशालाएं आयोजित होंगी। 5 दिवसीय कार्यक्रम में मशहूर कवि डा कुमार विश्वास, अभिनेंत्री हेमा मालिनी, सिंगर नीति मोहन, सिंगर हर्षदीप कौर व गायक शंकर महादेवन जैसे सितारे भी शिरकत करेंगे। इस अवसर पर कृषि, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्टार्ट-अप, करियर काउंसलिंग जैसी विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का अनुभव मिलेगा।