मेरठ। परिवार सशक्त बने इसके लिए परिवार की नारी का स्वस्थ रहना जरूरी है। पीएम मोदी बुधवार से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत करने जा रहें है जो 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती तक चलेगा।
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार का शुभारम्भ दोपहर 12 बजे प्रधानमन्त्री के लाईव प्रसारण के साथ किया जायेगा। प्रसारण पूरे देश की सभी स्वास्थ्य इकाईयों जैसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आयुष्मान आरोग्य मन्दिर उपकेन्द्र एवं शहरी आयुष्मान आरोग्य मन्दिर पर भी दिखाया जायेगा। जनपद स्तर पर लाला लाजपत राॅय मैमोरियल चिकित्सालय के सभागार में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ होगा। इस दौरान मेगा हैल्थ कैम्प व रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरूण गोविल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की सभी इकाईयों पर स्वस्थ मेलों का आयोजन किया जायेगा जिसमें प्रधानमन्त्री का लाईव प्रसारण दिखाया जायेगा। इसके अलावा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर 2 अक्टूबर तक अलग-अलग दिनों में भी स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जायेगा। जिनमें जनपद के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क इलाज किया जायेगा, साथ ही महिलाओं के लिए निःशुल्क जांच और स्वास्थ्य सेवायें, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान बनाने के साथ स्वस्थ जीवन शैली व स्वास्थ्य के मानकों को बनाये रखने को लेकर जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। स्वास्थ्य शिविरों में आम नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।


