मेरठ। भू-माफियाओं ने फर्जी जमीन दिखाकर युवक से 12 लाख रूपये में बनामा करा लिया। जब खरीदार प्लाट पर कब्जा लेने पहुंचा तो पता चला कि जिस जमीन को उसने खरीदा है उस जमीन पर ईदगाह है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है।
आकाश पांडे पुत्र देव शर्मा निवासी शिव शक्ति नगर वर्तमान पता पंचवटी एंक्लेव शताब्दीनगर थाना परतापुर के साथ ईदगाह की जमीन को बेचकर 12 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित शनिवार को भारतीय किसान यूनियन आजाद के कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाने पहंुचा। पीड़ित ने जिलाधिकारी को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि बीती 21 मई को सोम, प्रवेश व गुड्डू ने एक प्लाॅट खसरा संख्या 227 गांव सिंघावली रोहटा रोड दिखाया। इस प्लाॅट के मालिक के रूप में अमर धर्मानंद पुत्री संत दयाल निवासी रमेश विहार बागपत रोड से मिलवाया। पीड़ित ने प्लाॅट खरीदने के लिए उसकी कीमत पता की तो उसे बताया गया कि प्लाॅट तो काफी महंगा है लेकिन इसे मजबूरी वश बेच रहे है। पीड़ित ने विश्वास कर प्लॉट की धनराशि 12 लाख रूपए का भुगतान बंधन बैंक के डीडी नं. 000854 द्वारा नौ लाख पचास हजार रूपए व पीएनबी के डीडी नं. 313989 द्वारा दो लाख पचास हजार रूपए द्वारा कर दिया जो प्लाॅट बेचने वालों ने प्राप्त कर लिया। इसके बाद अमर धर्मानंद ने पीड़ित के नाम पर प्लॉट का बैनामा 27 मई 2025 को उपनिबंधक सदर प्रथम मेरठ में करा दिया। इसके बाद पीड़ित को दोनों मूल बैनामे प्रापर्टी डीलर्स व अमर धर्मानंद द्वारा दे दिए गए। बैनामा पीड़ित के नाम होने के बाद जब वह प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंचा तो पीड़ित को पता चला कि खसरा नं. 227 स्थित ग्राम सिंधावली में कोई जमीन मौके पर मौजूद नहीं है। जो प्लॉट पीड़ित को दिखाया गया था वह किसी अन्य के नाम पर है जब बैनामे में लिखित खसरा नं. 227 पर पहुंचा तो पता चला कि उस प्लॉट पर ईदगाह है। पीड़ित ने प्रापर्टी डीलर्स को फोन किया तो उन्होंने कहा कि हमारा काम तो झूठा बैनामा एवं फर्जी कागज तैयार कर धोखा देना है। उसे बताया गया कि अमर धर्मानंद पुत्री संत दयाल और हम सब एक हैं। तब पीड़ित को पता चला कि प्रापर्टी डीलर्स एवं विकेता अमर धर्मानंद पुत्री संत दयाल ने साजिश करके जानबूझकर बेईमानी करते हुए फर्जी बैनामे के आधार पर पीड़ित के रूपए हड़प लिए हैं। पीड़ित का आरोप है कि भू-माफियाओं ने उसे धमकी दी कि अगर उसने आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मरवा देंगे।
——————————————————————————————————————–
रेहड़ी-ठेले वालों के पक्ष में सपाईयों का प्रदर्शन
मेरठ। कमिश्नरी पार्क के पास लगने वाले रहेड़ी-ठेले वालों को पुलिस द्वारा हटाने का विरोध जारी है। अब सपाईयों इन गरीब परिवारों के पक्ष में सड़क पर उतर आए है। सपा नेता विपिन चैधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कमिश्नर से मिलने पहुंचे और पीड़ितों को इंसाफ दिलाने की बात कही।
गुरूवार को सपा नेता विपिन चैधरी अपने समर्थकों व पीड़ित रेहड़ी-ठेले वालों के साथ लालकुर्ती पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे। सपाईयों ने कमिश्नरी के गेट पर धरना दे दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपिन चैधरी ने कहा कि जबतक पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिलेगा उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

