

नए साल पर शुरू हुई सर्दी का सितम लगातार बढ़ता ही जा रहा है, सर्दी के चलते लोग घरों में कैद हैं। शुक्रवार की सुबह भी घना कोहरा दिखाई दिया। कोहरे के चलते दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई लाइट जलाकर वाहन स्वामियों को निकलना पड़ा।
पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी के चलते मैदान क्षेत्र में ठंड का कहर बढ़ता ही जा रहा है। ठंड के चलते दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। वहीं शीतलहर के बीच घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
पिछले चार-पांच दिन से लगातार सर्दी का सितम बढ़ाने के कारण दिन का तापमान 15 डिग्री के आसपास ही चल रहा है, जिस कारण से कोल्ड डे कंडीशन बनी हुई है। पिछले कई दिनों से कोहरा नहीं होने से राहत थी लेकिन गुरुवार रात से ही पड़ना शुरू हुए कोहरे का असर शुक्रवार सुबह तक भी दिखाई दिया। दोपहर तक भी कोहरा नहीं छंटा। मेरठ, बागपत, मुजफ्फरगनगर, शामली समेत सभी जिलों में ठंड से लोगों का हाल बेहाल है।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी सर्दी ऐसे ही रहेगी। कोहरा भी सुबह दिखाई देगा और तापमान सामान्य से कम रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में फिर बारिश होने के आसार हैं जिसका असर मैदानी क्षेत्र में भी साफ दिखाई देगा।
माैसम विशेषज्ञों की मानें तो पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में अभी ठंड का असर बरकरार रहेगा। वहीं चिकित्सक बच्चों व बुजुर्गों को ठंड से बचने की सलाह दे रहे हैं।