लखनऊ। प्रदेश में पत्रकारों के हितों और पत्रकारिता के क्षेत्र में सुधार के लिए प्रयास करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पत्रकारों को पेंशन देने की मांग की गई है। जिसको लेकर उप्र मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति की ओर से सीएम को पत्र लिखा गया है।
पत्र में समिति के प्रदेश महासचिव अरुण कुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया है कि कई वर्षों पूर्व राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों को पेंशन देने की घोषणा की गई थी। लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस शासनादेश जारी नहीं हुआ है। समिति के अनुसार, देश के अन्य कई राज्यों में पत्रकारों को पेंशन देने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, राज्य सरकारों ने उन्हें आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान कर दी है। पत्र द्वारा निवेदन किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को पेंशन जारी करने की घोषणा को क्रियान्वित करने के लिए जल्द से जल्द निर्देशित करें। प्रदेश में पत्रकार समाज अनेक सामाजिक, आर्थिक व प्रशासनिक समस्याओं का सामना करता आ रहा है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लगातार पत्रकारों के हितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण प्रदेश में सकारात्मक संदेश फैला रहा है। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के महासचिव अरुण कुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पेंशन की मांग पर विचार कर शीघ्र इससे संबंधी शासनादेश जारी करने की अपेक्षा की है। समिति ने यह भी आश्वस्त किया कि यदि पेंशन योजना क्रियान्वित होती है, तो यह प्रदेश के पत्रकार समाज को आत्मविश्वास और सम्मान के साथ कार्य करने का सशक्त मार्गदर्शन प्रदान करेगी। प्रदेश के पत्रकारों की दशा को सुधारने की दिशा में यह कदम बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी नीतियाँ लगातार प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। अब इस अपील के बाद सबकी नजरें इस पर होंगी कि कब तक पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Somewhere in news