मेरठ। रविवार को मंगल पांडे नगर स्थित प्रेस क्लब भवन में द प्रेस क्लब की बैठक आयोजित की गई जिसमें विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में पत्रकारों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता द प्रेस क्लब के अध्यक्ष व संचालन संयोजक दिनेश चन्द्रा ने किया।
द प्रेस क्लब द्वारा 1 से 15 सितंबर 2025 तक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अब सदस्यता के आवेदन फॉर्म जमा होना शुरू हो गए हैं। पहले दिन शाम 5 बजे तक सदस्यता के लिए कुल 72 आवेदन फॉर्म प्राप्त हुए। मेरठ समाचार के पत्रकार संजय गौतम ने प्रेस क्लब अध्यक्ष को पहला आवेदन पत्र सौंपकर अभियान की शुरुआत की। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्लब की सदस्यता 15 सितंबर के बाद बंद कर दी जाएगी। उसके बाद सदस्यता समिति क्लब के संविधान के हिसाब से पत्रकारों को क्लब की सदस्यता देगी। इस अवसर पर द प्रेस क्लब अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि क्लब पत्रकारों का सांझा मंच है। सभी पत्रकारों को प्रेस क्लब के साथ जुड़ना चाहिए। प्रेस क्लब पत्रकारों के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा अग्रसर रहेगा। क्लब के महामंत्री दिनेश दिनकर ने कहा कि हमने सदस्यता प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाया है। हर पत्रकार साथी की आवाज को प्रेस क्लब के मंच से मजबूती मिलेगी। यही संगठन की असली शक्ति है।
वरिष्ठ पत्रकार शादाब रिजवी ने कहा कि लोकतंत्र की नींव मजबूत करने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। प्रेस क्लब न केवल पत्रकारों का संगठन है, बल्कि उनकी सुरक्षा और सम्मान का प्रहरी भी है। वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान प्रकाश ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों का परिवार है। सदस्यता अभियान के माध्यम से हम इस परिवार को और बड़ा व सशक्त बनाएंगे, ताकि समाज में हमारी भूमिका और प्रभावी बन सके। कोषाध्यक्ष मुकेश गोयल ने कहा कि संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत करने में प्रत्येक सदस्य का योगदान अहम है। अभी सदस्यता का आवेदन पत्र पूरी तरह निशुल्क है पत्रकार साथी सदस्यता के लिए आवेदन कर सकते हैं। बाद में आमसभा में न्यूनतम सदस्यता शुल्क तय करके प्रेस क्लब के खाते में जमा करवाया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार महेश शर्मा ने बताया कि जल्दी ही प्रेस क्लब की वेबसाइट बनाई जाएगी जिसमें सभी सदस्यों का पूरा ब्योरा होगा। जिसका क्यू आर कोड प्रेस क्लब द्वारा जारी किया जाएगा जिसके बाद उन्हें परिचय पत्र पर भी जारी किया जाएगा। द प्रेस क्लब के संयोजक दिनेश चन्द्रा ने कहा कि पत्रकारों की एकता ही प्रेस क्लब की सबसे बड़ी ताकत है। सदस्यता अभियान में हर साथी की भागीदारी संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। बैठक में मौजूद सभी पत्रकारों ने एक स्वर में सदस्यता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और प्रेस क्लब को मेरठ में पत्रकारों की सशक्त आवाज के रूप में स्थापित करने का भरोसा जताया। बैठक में द प्रेस क्लब के संरक्षक विनोद गोस्वामी, मंत्री राम बोल तोमर, मंत्री विकासदीप त्यागी, मंत्री राजीव शर्मा, ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश शर्मा, उपज के महामंत्री ललित ठाकुर, ऑल इंडिया मीडिया क्लब के अध्यक्ष ओमपाल तोमर, ऑल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षांश भारद्वाज, अखिल भारतीय मीडिया फाउंडेशन के महामंत्री विजय वर्मा, प्रेस क्लब कार्यकारिणी सदस्य राजेश शर्मा, शाहीन परवीन खान, नरेंद्र शर्मा, संदीप कुमार के साथ आसिफ वारसी, प्रशांत कौशिक व मनीष शर्मा आदि अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।


