मेरठ। गुरूवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर एलएलआरएम मेडिकल काॅलेज में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान काॅलेज के छात्रों को अहिंसा का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता ने बताया कि हर साल 2 अक्टूबर का दिन गांधी जयंती के रूप में मनाया जाता है। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर गांधी जी ने देश को अंग्रेजों से आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। सत्य और अहिंसा को लेकर बापू के विचार हमेशा से न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करते रहे हैं। सरदार वल्लभ भाई पटेल चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ धीरज बालियान ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री भारत के दूसरे प्रधानमंत्री थे। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान नेताओं में शामिल रहे लाल बहादुर शास्त्री का जन्म भी 2 अक्तूबर को हुआ था। लाल बहादुर शास्त्री का जीवन बेहद सादगी, ईमानदारी व कर्तव्यपरायणता का आदर्शपूर्ण उदाहरण है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य, उप प्राचार्य, प्रमुख अधीक्षक व नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या ने माल्या अर्पण कर किया। इसके बाद एमबीबीएस की छात्राओं ने राष्ट्रगीत पर नृत्य प्रस्तुतियां दी। दंत रोग विभाग के आचार्य डॉ रियाज अहमद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के आंदोलन पर अपने विचार प्रकट किये। एमबीबीएस की छात्राओं ने राष्ट्रीय गान गाया। उप प्राचार्य डॉ ज्ञानेश्वर टोंक ने बताया कि नारी सशक्तीकरण के लिए भी गांधी जी हमेशा प्रयासरत रहे। उन्होंने लाखों भारतीयों और दुनिया भर के लोगों को अहिंसा से अपने अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया। जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया। कार्यक्रम में मेडिकल के संकाय सदस्य, पैरामेडिकल स्टाफ व कर्मचारियों समेत सभी पाठ्यक्रमों के छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सह आचार्य मेडिसिन विभाग डॉ स्नेहलता वर्मा द्वारा किया गया। अंत में उन्होंने सभी को अहिंसा का संकल्प दिलाया।



