- आनन-फानन में खोला जा रहा महज 7 मीटर रास्ता
- जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा प्रशासन
मेरठ। बागपत रोड-रेलवे रोड लिंक मार्ग जन आंदोलन समिति की बैठक बसंत कुंज, कालिंदी और संत विहार कालोनी स्थित शिव मंदिर में हुई। इस दौरान सभी काॅलोनी वासियों ने लिंक रोड निर्माण में हो रहे विलंब पर आक्रोश जताया।
क्षेत्र की जनता ने मांग उठाई कि महज 7 मीटर रास्ता नहीं बल्कि पूरा 14 मीटर रास्ता एक साथ खुलना चाहिए। प्रशासन आरोप लगाते हुए कहा गया कि आनन-फानन में 7 मीटर रास्ता खोलकर स्थानीय लोगों को गुमराह करना चाहता है। यह लिंक मार्ग समिति को और क्षेत्र की जनता को किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। स्थानीय लोगो ने कहा कि क्षेत्र की जनता यह नहीं समझ पा रही है कि प्रशासन अस्पताल के अवैध निर्माण पर कोई कार्यवाही क्यों नहीं कर रहा। कालोनी के लोगो का कहना है कि लिंक मार्ग आंदोलन समिति जिस दिन भी आंदोलन तय करेगी सभी कालोनियों के लोग आंदोलन के लिए तैयार हैं। गुरूवार को गुप्ता कालोनी, नंदन नगर, रघुकुल विहार व देवश्री हाइट में बैठक होना तय किया गया है। बुधवार को हुई बैठक में बीएल कपूर, अनिल झंडे वाले, विकास जैन, सुरेंद्र अरोरा, बंटा सचदेवा, डॉ अनिल, संजय अग्रवाल, मुकेश जैन व सन्नी सचदेवा आदि शामिल रहे।


